देश-विदेश

बेंगलुरु जल्द ही कहलाएगा भारत का स्पोर्ट्स हब.... खिलाड़ियों के साथ माई भारत संवाद में शामिल हुए अनुराग सिंह ठाकुर

नईदिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि मौसम की उपयुक्तं स्थितियों और खेलों के सर्वोत्तम बुनियादी ढांचे के साथ बेंगलुरु जल्द ही भारत का स्पोर्ट्स हब कहलाएगा। ठाकुर ने खेल और एथलेटिक्स के प्रति उत्साह की सराहना की। उन्होंने अनुभवी खिलाडि़यों के सक्रिय रहने और अपनी अकादमियां शुरू करने, ज्ञान साझा करने, प्रशिक्षण या मूल्यांकन शिविरों में भाग लेने, खेलों में देश के नए प्रभुत्व में बहुमूल्य योगदान देने की प्रशंसा की।
 
ठाकुर ने माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण करने, स्वयंसेवी गतिविधि शुरू करने, समुदाय के साथ जुड़ने के लिए मंच का उपयोग करने, अपने अच्छे कार्यों को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने तथा दूसरों को माई भारत पहल का लाभ उठाने के लिए आगे आने हेतु प्रेरित करने पर जोर दिया। ठाकुर ने देश भर के युवाओं को प्रभावित करने के लिए खिलाडि़यों से माई भारत के अंतर्गत अपनी प्रेरक कहानियां सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आग्रह किया
 
उन्होंने खेलो इंडिया कार्यक्रम, विशेष रूप से हाल ही में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया पैरा गेम्स की रूपरेखा भी प्रस्तुयत की, जिसमें 3000 खिलाडि़यों, कोचों और सहायक कर्मचारियों ने भाग लिया। ठाकुर ने यह भी कहा कि आगामी खेलो इंडिया युवा खेल तमिलनाडु में आयोजित किए जाएंगे, जिसमें देश भर के प्रतिभागी भाग लेंगे। खेलो इंडिया प्रतिभा की पहचान करने, उसको प्रोत्सािहन देने, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर लक्ष्य  ओलंपिक पोडियम योजना के माध्यम से सहायता देने की एक योजना है, ये सभी कदम विकसित भारत की अवधारणा में योगदान दे रहे हैं।
 
अनुराग ठाकुर आज बेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र में क्रमशः 330 और 300 बिस्तरों वाले दो नवनिर्मित छात्रावास भवनों और 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। 330 बिस्तरों वाले छात्रावास की परियोजना लागत 28.72 करोड़ रुपये है। यह भूतल+5 मंजिला भवन है, जिसमें संलग्न शौचालय के साथ 110 कमरों की सुविधा है। छात्रावास के कमरे एथलीटों के लिए डिज़ाइन किए गए हैं, जिनमें एथलेटिक्स, खेल और मनोरंजन के लिए सभी सुविधाओं के साथ उनके लिए उपयुक्त माहौल है। महिलाओं के छात्रावास को राष्ट्रीय खेल विकास कोष द्वारा वित्त पोषित किया गया है, जिसमें कोल इंडिया लिमिटेड ने 25 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। अत्याधुनिक सुविधा, महिला एथलीटों के लिए आवासीय क्षमता का विस्तार करती है।
----------