स्टार्टअप इंडिया इनोवेशन सप्ताहः केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की 40 यूनिकॉर्नों के साथ गोलमेज बैठक
नईदिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य व सार्वजनिक वितरण और वस्त्र मंत्री पीयूष गोयल ने स्टार्टअप इंडिया इनोवेशन सप्ताह के दौरान देश में यूनिकॉर्न के विकास का उत्सव मनाने और यूनिकॉर्नों के विकास में सहायता करने को लेकर एक सहयोगात्मक तरीका अपनाने के लिए एक यूनिकॉर्न गोलमेज सम्मेलन की अध्यक्षता की। इसमें प्रतिभागी 40 यूनिकॉर्नों ने अपने अनुभव से हासिल सीख और उन कारकों को रेखांकित किया, जिन्होंने उनके विकास को सक्षम बनाया। इसके अलावा भारतीय इकोसिस्टम के विकास को बढ़ावा देने के लिए उन क्षेत्रों की पहचान की, जो देश को वैश्विक स्टार्टअप नेता के रूप में उभरने में सहायता कर सकते हैं।
पीयूष गोयल ने यूनिकॉर्न से एक साथ आने और एक यूनिकॉर्न क्लब या एसोसिएशन स्थापित करने का अनुरोध किया, जो देश में स्टार्टअप्स के लिए पूंजी तक पहुंच के समाधान के रुप में साथ आएगा। यह बातचीत स्टार्टअप अनुकूल वातावरण को और अधिक बढ़ावा देने के लिए नियामक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने, टियर-2/3 शहरों में पहुंच बढ़ाने व निजी क्षेत्र में वित्तीय संस्थानों के सर्वश्रेष्ठ अभ्यासों से सीखने पर केंद्रित था।
उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) ने 10 से 18 जनवरी, 2024 तक पूरे देश में नवाचार और उद्यमिता पर देश के प्रमुख स्टार्टअप्स, उद्यमियों, निवेशकों, नीति निर्माताओं और अन्य हितधारकों के एक साथ आने का उत्सव मनाया। इसमें कई प्रमुख घोषणाएं और लॉन्चिंग की गईं। इनमें स्टार्टअप इंडिया का एक्सेलेरेटर कार्यक्रम- 'स्टार्टअपशाला' भी शामिल है।
यह शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स के लिए 3 महीने का एक्सेलेरेटर कार्यक्रम है, जो उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी जानकारी, नेटवर्क, धनराशि और मार्गदर्शन तक पहुंच प्रदान करता है। इस कार्यक्रम का हर एक समूह एक विशेष क्षेत्र पर केंद्रित होगा। इसमें पहला क्लीनटेक होगा और हर समूह से 20 स्टार्टअप्स को आवेदन के लिए एक ओपन कॉल के जरिए विशेषज्ञों की ओर से चुना जाएगा। इसके लिए 10 जनवरी 2024 से स्टार्टअप इंडिया हब https://www.startupindia.gov.in/content/sih/en/Startup_Sala.html पर आवेदन किए जा सकते हैं।