कैडेट्स एनसीसी संस्कारों के ब्रांड एम्बेसेडर: राज्यपाल पटेल
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि एनसीसी सिर्फ ट्रेनिंग नहीं है। मानवीय संवेदनाओं से भरे हुए, राष्ट्र के प्रति समर्पित युवाओं के निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जिसका उद्देश्य राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग, अनुशासन में रहते हुए एकता की भावना का विकास करना है। उन्होंने कैडेट्स का आव्हान किया है कि भावी जीवन में एनसीसी में मिले राष्ट्र, समाज की निस्वार्थ सेवा और संकल्प के संस्कारों के ब्रांड एम्बेसेडर के रूप में समाज में अपनी पहचान कायम करें।
राज्यपाल पटेल राजभवन के सांदीपनि सभागार में गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभागी एनसीसी कैडेट्स के स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समारोह में एन.सी.सी. कैडेट्स को पुरस्कृत भी किया। राज्यपाल के समक्ष कैडेट्स ने समूह नृत्य, गायन, काव्य पाठ की प्रस्तुतियों के साथ गणतंत्र दिवस शिविर के अनुभवों को साझा किया।
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के लिए जिस आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और वैचारिक परिवर्तन की अपेक्षा थी, वह दौर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब शुरू हो गया है। विकसित भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी के साथ पालन किये जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने इस वर्ष की गणतंत्र दिवस परेड में मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ निदेशालय की 23 बालिका कैडेटों के चयन, घुड़सवारी प्रतियोगिता में 6 पदक सहित तीसरा स्थान और पाँच स्थानों की प्रगति करते हुए इस वर्ष ओवर आल रैंकिंग में छठा स्थान हासिल करने के लिए सभी कैडेट्स और प्रशिक्षकों को बधाई दी।