यहां की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट... तीन लोगों की हुई मौत, 40 से अधिक घायल
भोपाल। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मगरधा रोड पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर आ रही है, जबकि 40 से अधिक लोग हादसे में घायल हो गए। फैक्ट्री में विस्फोट होने के बाद वहां की दीवारों में दरारें आ गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहीं फायर ब्रिग्रेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई है। अस्पताल में भी भगदड़ का माहौल है। इस घटना का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने तत्काल मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उदय प्रताप सिंह, एसीएस अजीत केसरी, डीजी होम गार्ड अरविंद कुमार हेलीकॉप्टर से जाने के निर्देश दिए। वहीं भोपाल और इंदौर में मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ऋषि गर्ग ने कहा कि पटाखा फैक्ट्री में अचानक आज सुबह ब्लास्ट हुआ है. भीषण आग लगी हुई है। इस विस्फोट में कई लोग घायल हुए हैं। 20-25 लोगों को हमने अस्पताल में एडमिट कराया है। कई लोगों की हालत गंभीर है। हमने आसपास के जिलों से एंबुलेंस, डॉक्टरों की टीम, स्टेट डिजास्टर रेस्पॉन्स टीम और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया है।