विधानसभा में मूणत ने उठाया स्काई वॉक का मुद्दा.... मंत्री बोले निर्माण पूरा करने का मिला सुझाव
रायपुर। राजधानी के चर्चित अधूरे “स्काई वॉक” को लेकर विधायक राजेश मूणत ने सदन में सवाल उठाया। मूणत ने लोक निर्माण मंत्री अरूण साव से पूछा कि रायपुर में स्काई वॉक कब स्वीकृत हुआ था, तथा इसका कार्य कब तक पूर्ण होना था? कार्य की अद्यतन स्थिति क्या है? जिसके जवाब में मंत्री साव ने बताया कि स्काई वॉक निर्माण की स्वीकृति 8.3.2017 को हुआ था। अनुबंधानुसार कार्य की पूर्णता तिथि 23 जनवरी 2018 थी। लगभग 50 प्रतिशत भौतिक एवं वित्तीय कार्य करने के बाद दिनांक 5 अप्रैल 2019 से कार्य बंद है।
मंत्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री छ.ग. शासन की अध्यक्षता में ली गई समीक्षा बैठक दिनांक 1.3.2019 में लिए निर्णय अनुसार इसका निर्माण कार्य रोका गया है। कार्यपालन अभियंता, लो.नि.वि. सेतु संभाग रायपुर के दिनांक 5 अप्रैल 2019 के माध्यम से कार्य को स्थगित रखने हेतु अनुबंधक को पत्र जारी किया गया। वहीं इसे लेकर सामान्य प्रशसन विभाग ने दो समितियों का गठन किया है। एक सामान्य सुझाव समिति और दूसरा तकनीकि सुझाव समिति। स्काईवॉक फुट ओव्हर ब्रिज के शेष कार्य को पूर्ण करने हेतु सदस्यों का सुझाव प्राप्त हुआ है।”