देश-विदेश

इमरान की पार्टी कर रही थी जीत का दावा, नवाज शरीफ अपनी ही सीट से हारे... मुख्य चुनाव आयुक्त हुए 'गायब'

डेस्क। पाकिस्तान में चुनावी मतगणना के बीच हालात तनावपूर्ण बन गए है। प्रारंभिक रुझानों में जिन सीटों पर इमरान खान की पार्टी को बढ़त दिख रही थी, अब इन सीटों पर नवाज शरीफ की पार्टी को आगे बताया जा रहा है। फिलहाल पांच सीटों पर इमरान और चार सीटों पर नवाज शरीफ की पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है।

पाकिस्तान में आम चुनाव के बाद मतगणना जारी है। प्रधानमंत्री बनने की तैयारी कर रहे नवाज शरीफ अपनी दोनों सीटों पर हारते नजर आ रहे हैं। अब तक सामने आए परिणाम के मुताबिक पांच सीटों पर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (PMLN) को 4 सीटों पर जीत मिली है। 3 सीटों पर अमीन फहीम की पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी पार्लियामेंटेरियन (PPPP) ने जीत हासिल की है। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि 154 सीटों पर इमरान की पार्टी आगे चल रही है।

मतगणना के बीच पाकिस्तान में हालात इतने तनावपूर्ण हो गए हैं कि पाकिस्तान के मुख्य चुनाव आयुक्त के गायब होने की बात कही जा रही है। इस दावे ने पाकिस्तान में चुनावी साजिश की आशंका बढ़ा दी है। इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा ने सभी रिटर्निंग ऑफिसर (RO) को आखिरी परिणाम देने के लिए 30 मिनट की समय सीमा दी थी। उन्होंने कहा था कि ऐसा ना करने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

 

----------