देश-विदेश

Paytm बैंक के खिलाफ ED ने शुरू की जांच... जरूरी दस्तावेज लेकर फिर से आने को कहा.

डेस्क। Paytm को लेकर मुश्किलों का सामना कर रहे पेटीएम के अधिकारियों से ईडी ने पूछताछ की। इन लोगों से रिजर्व बैंक की ओर से पाई गई अनियमितताओं के बारे में पूछा गया। केंद्रीय बैंक की ओर से पेटीएम बैंक में ग्राहकों की ओर से रकम जमा किए जाने पर 29 फरवरी से रोक भी लगाई है।

RBI की रिपोर्ट के आधार पर ही अब ED इस मामले में जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि अब तक ईडी को किसी गंभीर गड़बड़ी की जानकारी नहीं मिली है। फिर भी ईडी ने पेटीएम के अधिकारियों से एक और राउंड की पूछताछ करने का फैसला लिया है।

दरअसल RBI ने पेटीएम के पेमेंट बैंक में KYC से जुड़ी कुछ समस्याएं बताई थीं। उनकी जांच अब ED करना चाहती है। केंद्रीय बैंक का कहना था कि उसे संदेह है कि KYC के नियमों में हीलाहवाली के चलते मनी लॉन्ड्रिंग हो सकती है। इसका बेजा इस्तेमाल किया जा सकता है। एक ही PAN नंबर से कई अलग-अलग अकाउंट बनने, KYC पर्याप्त न होने और बिना उचित वेरिफिकेशन के ही मनी ट्रांसफर होने को लेकर आरबीआई ने चिंता जताई थी। इसके चलते पेटीएम को भी मुश्किलें उठानी पड़ी हैं और उसके शेयरों में भी तेजी से गिरावट आई है। यही नहीं आम यूजर्स में भी चिंता देखने को मिली है।

----------