देश-विदेश

किरू हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के मामले में पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के घर CBI की छापेमारी

नईदिल्ली। सीबीआई की टीम ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के दिल्ली आवास सहित 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की है। दिल्ली में सुबह से मलिक के यहां कार्रवाई चल रही है। सीबीआई ने हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट मामले में यह छापा मारा है। बीमा घोटाले में सीबीआई मलिक के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। बीमा घोटाले के मामले में सीबीआई सत्यपाल मलिक और उनके करीबियों के ठिकानों पर छापा मार चुकी है।

वर्ष-2019 में किश्तवाड़ में किरू हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के लिए 22 सौ करोड़ के सिविल काम का ठेका देने में कथित भ्रष्टाचार हुआ था। मलिक जो 23 अगस्त, 2018 से 30 अक्तूबर 2019 तक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रहे थे। मलिक का आरोप था कि उन्हें परियोजना से संबंधित दो फाइलों को मंजूरी देने के लिए 300 करोड़ की रिश्वत की पेशकश की गई थी।

पूर्व राज्यपाल मलिक ने अपने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पिछले 3-4 दिनों से मैं बीमार हूं और अस्पताल में भर्ती हूं। इसके वावजूद मेरे मकान में तानाशाह द्वारा सरकारी एजेंसियों से छापे डलवाएं जा रहें हैं। मेरे ड्राइवर, मेरे सहायक के ऊपर भी छापे मारकर उनको बेवजह परेशान किया जा रहा है। में किसान का बेटा हूं, इन छापों से घबराऊंगा नहीं। मैं किसानों के साथ हूं।

 

----------