देश-विदेश

भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने किया राजनीति से सन्यास का ऐलान

नईदिल्ली। पूर्वी दिल्ली के भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। यानी वो आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेगें। गंभीर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को को चिठ्ठी लिखकर गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अपने सन्यास की जानकारी दी है।

गंभीर ने एक्स पर लिखा, मैंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुझे अपने राजनीतिक कर्तव्यों से मुक्त करने का अनुरोध किया है, ताकि मैं अपनी आगामी क्रिकेट प्रतिबद्धताओं पर ध्यान केंद्रित कर सकूं। उन्होंने आगे लिखा कि मैं पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझे लोगों की सेवा करने का मौका दिया। जय हिंद।

गौरतलब है कि गौतम गंभीर ने 3 दिसंबर 2018 को क्रिकेट से सन्यास लिया। वो 22 मार्च 2019 को भाजपा में शामिल हो गए और पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। गंभीर ने आप की उम्मीदवार आतिशी मर्लेना और कांग्रेस उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली को 3,91,222 वोटों से हराया। गंभीर को सात लाख के करीब वोट मिले, जबकि नंबर दो पर रहने वाले कांग्रेस प्रत्याशी अरविंदर सिंह लवली को 3 लाख के करीब मत हासिल हुए थे।

----------