देश-विदेश

टीटीपी आतंकियों के ठिकानों पर पाकिस्‍तान का हवाई हमला मारे गए 5 महिलाएं और 3 बच्‍चे

डेस्क | टीटीपी आतंकियों के ठिकानों पर पाकिस्‍तानी एयरफोर्स के हवाई हमले के बाद अफगानिस्‍तान की ताल‍िबान सरकार और शहबाज शरीफ सरकार के बीच हालात बहुत तनावपूर्ण हो गया है। तालिबानी सैनिकों ने जवाबी हमले में अपनी तोपों का मुंह पाकिस्‍तानी सेना के कई ठिकानों की ओर कर दिया है और जोरदार गोलाबारी शुरू कर दी है। तालिबान ने माना है कि पाकिस्‍तान की वायुसेना ने अफगान सीमा के अंदर दो हवाई हमले किए हैं। इसमें 5 महिलाएं और 3 बच्‍चे मारे गए हैं। तालिबान ने इस हमले की निंदा की और चेतावनी दी कि पाकिस्‍तान की नई सरकार युद्ध की ओर न बढ़े नहीं तो हमें सुपरपावर (अमेरिका) से भी लड़ने का अनुभव है। हम किसी को भी अपनी सीमा में नहीं घुसने देंगे।

तालिबानी सरकार के प्रवक्‍ता जबीउल्‍ला ने एक बयान जारी करके कहा कि पाकिस्‍तान ने महिलाओं और बच्‍चों को निशाना बनाया है। वहीं पाकिस्‍तान की सेना का दावा है कि उन्‍होंने तहरीक-ए-तालिबान या टीटीपी के आतंकियों को निशाना बनाया है। जबीउल्‍लाह ने कहा, 'तालिबानी सरकार किसी को भी अफगान सरजमीं का इस्‍तेमाल करके सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं करने देगी। तालिबानी प्रवक्‍ता ने बताया कि पाकिस्‍तानी लड़ाकू विमानों और ड्रोन ने रात को करीब 3 बजे पाकटीका और खोस्‍त इलाके में हमला बोला।

 तालिबान ने कहा कि जिन आतंकियों को निशाना बनाने की बात पाकिस्‍तान कर रहा है, वे उसी के इलाके में हैं। तालिबान ने कहा कि यह हमला उसकी सीमा का उल्‍लंघन है। जबीउल्‍लाह ने कहा, 'हमारे पास दुनिया की सुपरपावर्स के खिलाफ स्‍वतंत्रता आंदोलन का लंबा अनुभव है और किसी को भी हमारे इलाके में घुसने नहीं देंगे।' उन्‍होंने कहा कि पाक‍िस्‍तान की नई सरकार को उसी युद्ध की दिशा में नहीं बढ़ना चाहिए जो पिछले 20 साल से बनी हुई थी। पाकिस्‍तान को अपने आंतरिक मामलों पर ध्‍यान देना चाहिए।

 

----------