इटली में मनाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023 का समापन.... मोटे अनाज को बढ़ाने देने पर चर्चा
नईदिल्ली। खाद्य एवं कृषि संगठन ने एफएओ मुख्यालय, रोम, इटली में अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023 का समापन समारोह आयोजित किया। उच्च-स्तरीय हाइब्रिड कार्यक्रम में प्रतिभागियों को व्यक्तिगत तौर पर और वर्चुअली दोनों तरह से शामिल होने की अनुमति दी गई और इसमें भारत सरकार की ओर से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की अपर सचिव मनिंदर कौर द्विवेदी सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों से सम्मानित गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
भारत सरकार की ओर से अपर सचिव मनिंदर कौर द्विवेदी ने मोटे अनाज को बढ़ावा देने और अपनाने में विभिन्न स्टार्ट-अप, उद्योगों, एफपीओ सहित भारत के संपन्न मोटे अनाज से जुड़े इकोसिस्टम के महत्व पर जोर दिया। एफएओ के महानिदेशक डॉ. क्यू डोंग्यू ने आधिकारिक समापन समारोह में अपनी प्रारंभिक टिप्पणी में, मोटे अनाज से संबंधित पहल को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की सराहना की तथा सभी के लिए खाद्य सुरक्षा और पोषण प्राप्त करने में मोटे अनाज की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
समारोह में उपस्थित लोगों को एक मनोरम वीडियो दिखाया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023 के तहत आयोजित गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की विविध श्रृंखला को प्रदर्शित किया गया, जिससे इस पहल की वैश्विक पहुंच और प्रभाव को बढ़ावा मिला।
आईसीएआर-आईआईएमआर के निदेशक, डॉ. सी तारा सत्यवती ने 'मोटे अनाज क्षेत्र के लिए अनुसंधान और विकास' पर एक गोलमेज चर्चा में मोटे अनाज की एक मजबूत मूल्य श्रृंखला विकसित करने के लिए भारत के अनुसंधान एवं विकास प्रयासों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की, जो #आईवाईएमक्लोजिंगसेरेमनी के अंतर्गत आयोजित एक महत्वपूर्ण अतिरिक्त कार्यक्रम था।