अक्षय तृतीया का पर्व 10 मई को, बाजारों में लौटी रौनक
डेस्क | अक्षय तृतीया का पर्व 10 मई को मनाया जाएगा। उसके ठीक पहले सोने की चमक फिर बढ़ गई है। सराफा बाजार में 24 कैरेट 10 ग्राम सोने का भाव 71,500 रुपये पहुंच गया है। वहीं एक किलो चांदी का भाव 80,200 रुपये है। भाव बढ़ने के बाद भी लोगों में उत्साह कम नहीं हुआ है। मांगलिक कार्यों के लिए अभी से एडवांस आर्डर कर रहे हैं।
अक्षय तृतीया पर मान्यता है कि इस दिन पुण्य मुहूर्त का होता है। ऐसे में इस दिन खूब शादियां होती हैं। राजधनी के ज्यादातर होटल, मंगल भवन पहले से बुक हो चुके हैं। विवाह के लिए खरीदे जाने वाले परंपरागत सामग्री की दुकानें सज चुकी हैं।

अंचल में सैकड़ों की संख्या में शादियां होंगी और कोई पाबंदी भी नहीं होने के कारण मैरिज गार्डन, कैटरर्स, बैंड बाजे, हलवाई, सभी बुक हैं। दुकानदार और व्यापारियों के चेहरे पर मुस्कान आ चुकी है। दहेज में देने इलेक्ट्रानिक बाजार में कूलर, फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी तक आ चुके हैं। सबसे खास बात यह कि कैटरर्स, बैंड बाजे वालों के पास समय नहीं है।
अक्षय तृतीया के पूर्व बाजार बूम हो चुका है। मिट्टी से विभिन्न सामग्री बनाने वाले कुम्हार भी इन दिनों बेहद खुश हैं। समाज का हर परिवार अक्षय तृतीया के मौके पर मिट्टी के गुड्डा - गुड़िया बेचकर हजारों रुपये का कारोबार करने उत्साहित है। उनका कहना है कि त्योहारी सीजन और भीषण गर्मी ने कुम्हारों की पूछ परख बढ़ा दी है। कोरोना महामारी के बाद से ज्यादातर लोग मिट्टी के बने बर्तन व मटके का पानी पीना अधिक पसंद करते हैं। माना जाता है कि इससे स्वास्थ्य बेहतर रहता है।