देश-विदेश

केदारनाथ धाम से लौटते हादसा, चेहलां गांव के पास सुबह करीब साढ़े 5 बजे हुआ

डेस्क | लुधियाना जिले के समराला के नजदीक गांव चेहलां में बुधवार सुबह हाईवे पर खड़े ट्राले से श्रद्धालुओं से भरी बस टकरा गई। इस हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और  घायलों को बस से बाहर निकाल कर उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली मीनाक्षी (51) और सरोज बाला (54) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बस में सवार यात्री सभी लोग इंदौर के रहने वाले हैं। बस में सवार सभी लोग किसान परिवार से संबंध रखते हैं। सभी धार्मिक तीर्थ स्थलों की यात्रा करने के लिए टूरिस्ट बस में निकले थे। वे केदारनाथ धाम की यात्रा करने के मंगलवार रात को हरिद्वार से अमृतसर के लिए निकले थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे के आस पास जब वे लुधियाना पहुंचे तो, चेहलां गांव के पास हाईवे पर खड़े खराब ट्राले से बस टकरा गई। हादसे के बाद हडकंप मच गया। बस में सवार यात्रियों के चिल्लाने की आवाज से आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य किया। उन्होंने खून से लथपथ श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस व अन्य वाहनों की मदद से उन्हें समराला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मीनाक्षी और सरोज बाला को मृत घोषित कर दिया। 

----------