16 जून को शादी के बंधन में बंधेंगी पंजाब की पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान
डेस्क। पंजाब की पर्यटन मंत्री और खरड़ विधानसभा से विधायक अनमोल गगन मान 16 जून को शादी के बंधन में बंधेंगी। उनकी शादी जीरकपुर के बलटाना के सोही परिवार में तय हुई है। उनके पति एडवोकेट शाहबाज सोही इन दिनों अपनी मां शीलम सोही के साथ चंडीगढ़ के सेक्टर-3 में रहते हैं। अनमोल गगन मान की सास शीलम सोही ने कहा कि 16 तारीख को दोनों लोग सादगी के साथ ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब नाभा साहिब में शादी के बंधन में बंधेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद परिवार के कुछ खास मेहमानों के लिए दावत रखी गई है।
अनमोल गगन मान का जन्म मानसा जिले में 26 फरवरी 1990 को हुआ था। उनका पालन-पोषण मोहाली में हुआ। 2013 में अनमोल गगन मान ने चंडीगढ़ में एमसीएम डीएवी कॉलेज से मनोविज्ञान और संगीत में ग्रेजुएशन की डिग्री पूरी की। इसी साल मिस वर्ल्ड पंजाबन में मिस मोहाली पंजाबन का ताज भी उन्होंने पहना। इसके बाद मान 2014 में इंग्लैंड चली गईं। साल 2015 में अनमोल का पहला गाना शौकीन जट्ट आया। इस गाने के बाद उन्होंने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। मान ने 2020 में आम आदमी पार्टी का दामन थामा था।
अपना गायिका का प्रोफेशन छोड़ राजनीति में पूरा समय देना शुरू कर दिया था। इसके बाद चुनाव में अनमोल गगन मान को आप ने खरड़ से टिकट देकर उन पर भरोसा जताया, जिस पर वह खरी उतरीं। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल उम्मीदवार रणजीत सिंह गिल को 37718 वोटों से हराया है। इसके बाद उन्हें सीएम भगवंत मान ने अपनी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया। उनके पास पंजाब सरकार का टूरिज्म विभाग है। अनमोल गगन मान पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की काफी करीबी मानी जाती हैं। विधायक बनने के बाद अनमोल कुछ बयानों की वजह से विवादों में भी रहीं।
साल 2022 में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आई थी। इसमें काफी युवा जीतकर आए थे। जिनकी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में शादियां हुई हैं। गत वर्ष 29 अक्तूबर को पंजाब के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर की शादी यूपी की रहने वाली डॉ. गुरवीन कौर से हुई थी। इससे पहले 25 मार्च 2023 को शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस की शादी आईपीएस अधिकारी ज्योति यादव से हुई थी। 7 जुलाई 2022 को पंजाब के सीएम भगवंत मान ने हरियाणा की रहने वाली डॉ. गुरप्रीत कौर से दूसरी शादी की थी।