देश-विदेश

अमृतसर में पाक-सीमा से सटे गांव में तस्कर के घर से दो करोड़ कैश बरामद, पंजाब पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई

डेस्क। लोकसभा चुनाव परिणामों के एक दिन बाद सीमा सुरक्षा बल ने पंजाब पुलिस के साथ मिल कर एक बड़े अभियान के तहत एक करोड़ 97 लाख रुपये से अधिक कैश बरामद किया है। साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया है। यह कार्रवाई पाकिस्तानी सीमा से सटे अमृतसर जिले के गांव कक्कड़ में तस्कर के घर अंजाम दी गई। पकड़े गए तस्करों की पहचान बलविंदर सिंह पुत्र बहादुर सिंह निवासी गांव कक्कड़ थाना लोपोके और गुरप्रीत सिंह निवासी गांव कक्कड़ के रूप में हुई है। आरोपियों से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप भी बरामद किया गया है।

बीएसएफ को इस बारे में पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद बीएसएफ और पंजाब पुलिस की टीम ने ज्वाइंट ऑपरेशन कर गांव में रेड की। तस्करों के घर से करीब दो करोड़ रुपए कैश बरामद हुआ। टीमों ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अमृतसर (ग्रामीण) सतिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी पाकिस्तान के हेरोइन तस्करों के साथ लंबे समय से संपर्क में थे। ये पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाते थे और पंजाब व अन्य राज्यों में दूसरे तस्करों में सप्लाई करते थे। आरोपी नशा से इकट्ठा किया धन हवाला के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों तक पहुंचाते थे। इस आरोपियों ने काफी प्रॉपर्टी नशे के पैसे से बनवाई है। जिस की जांच की जा रही है। ऐसी प्रॉपर्टी को भी जब्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बलविंदर सिंह के दो बेटे भी नशा तस्करी में पहले ही सेंट्रल जेल अमृतसर में बंद हैं। इनमें हरभेज सिंह पर एनडीपीएस एक्ट के चार केस  दर्त हैं। इसी तरह दूसरे बेटे गुरभेज सिंह के खिलाफ मोहाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

उधर, तरनतारन पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त कार्रवाई में सीमा पार नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए सर्च सर्च ऑपरेशन के दौरान गांव मुस्तागढ़ के खेतों से 537 ग्राम हेरोइन व ड्रोन बरामद किया। इस बारे में थाना खेमकरण में एफ. आई.आर. दर्ज कर अगली कार्यवाही शुरू कर दी गई है। कुछ समय पहले बीएसएफ अमृतसर सेक्टर की टीम ने सीमावर्ती गांव रोड़ा वाला खुर्द और रतन खुर्द में सुबह के समय 2 ड्रोन जब्त किए थे, जिनके साथ एक-एक पैकेट हेरोइन भी बरामद की गई। जब्त की गई हेरोइन की कीमत लगभग 6 करोड़ रुपए के करीब थी।

----------