देश-विदेश

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं शिवराज सिंह चौहान... जानें क्यों तेज हुई चर्चा

रायपुर। लोकसभा चुनाव में NDA ने 293 सीटों के साथ तीसरी बार बहुमत हासिल किया है। ऐसे में एनडीए की सरकार बनने का रास्ता भी साफ हो चुका है। इस बीच मध्यप्रदेश से खबर आ रही है कि शिवराज सिंह चौहान को भाजपा बड़ी जिम्मेदार सौंपने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो शिवराज सिंह चौहान को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

शिवराज को बड़ी जिम्मेदारी मिलने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। इसकी दो प्रमुख वजहें हैं, जिसमें से पहला यह कि भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। दूसरी वजह यह है कि बीजेपी अब नए नेतृत्व की तलाश कर रही है, ताकि उसके विजन पर आगे बढ़ा जा सके।

शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा चुनाव में विदिशा से 8 लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। वह छठी बार सांसद चुने गए हैं। इससे पहले वह पांच बार पहले भी सांसद रह चुके हैं। बीजेपी ने मध्य प्रदेश में क्लीन स्वीप करते हुए सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की है। 1984 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब मध्य प्रदेश में किसी एक पार्टी ने लोकसभा की सभी सीटों पर जीत का परचम लहराया है।

जेपी नड्डा को 2020 में बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया। भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होता है। ऐसे में उनका कार्यकाल पहले ही खत्म हो गया था। इस बीच लोकसभा चुनाव-2024 को ध्यान में रखते हुए जेपी नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाकर जून 2024 तक कर दिया गया। जून के अंत तक बीजेपी को नया अध्यक्ष चुनना है। वहीं मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में BJP को जीत दिलाने के बाद भी शिवराज सिंह को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया था। उनकी जगह मोहन यादव को सीएम की कुर्सी मिली। इसके बाद से चर्चा हो रही थी कि शिवराज को कोई बड़ा पद मिलने वाला है। अब शिवराज को नई सरकार में कोई बड़ा मंत्रालय मिल सकता है या फिर वह राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं।

 

----------