देश-विदेश

नेपाल के प्रधानमंत्री ने कहा : प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत-नेपाल संबंध मजबूत होंगे

नई दिल्ली | रविवार शाम को प्रधानमंत्री मोदी का शपथ ग्रहण समारोह हुआ और उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में पड़ोसी देशों और हिंद महासागर के देशों के राष्ट्र प्रमुखों को आमंत्रित किया गया था। इनमें नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड भी शामिल हुये | शपथ ग्रहण के बाद पुष्प कमल दहल प्रचंड ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि, उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत - नेपाल के संबंध नई ऊंचाइयों को छुएंगे और लगातार मजबूत होंगे।

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि नरेंद्र मोदी जी के साथ बैठक हुई | उन्हें प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार तीसरे कार्यकाल की बधाई दी मैंने। हमारे बीच रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई और साथ ही दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर बल दिया गया | उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत - नेपाल संबंध और ज्यादा समृद्ध होंगे। साल 2014 में भारत के प्रधानमंत्री बनने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंधों को प्राथमिकता दी है। नेपाल की बात करें तो बीते कुछ वर्षों में भारत और नेपाल के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ा है और प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल में भी इसके बढ़ने की उम्मीद है।

नेपाल की सरकार की कोशिश है कि भारत के साथ ज्यादा से ज्यादा आर्थिक सहयोग बढ़ाया जाए और भारतीय कंपनियां नेपाल में निवेश भी करें। इन दिनों नेपाल आर्थिक तौर पर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में उसकी इच्छा है कि बड़ी आर्थिक ताकत जैसे भारत उनके वहां निवेश को लेकर आगे बढे । नेपाल की वामपंथी सरकार अक्सर भारत पर उसके आंतरिक मामलों में दखल देने का आरोप लगाती रही है। खासकर वामपंथी सरकार में नेपाल में भारत के खिलाफ प्रौपेगेंडा बढ़ा है, लेकिन भारत की तरफ से कोई कड़ी प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आई है। नेपाल की चीन से बढ़ती नजदीकी भी भारत सरकार के लिए चिंता का विषय है।

प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ ही श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, सेसेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भी मौजूद रहीं। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राष्ट्रपति भवन में विदेशी मेहमानों के सम्मान में भोज दिया गया, जिसमें पीएम मोदी ने सभी राष्ट्रप्रमुखों से बातचीत की।

 

----------