BIG NEWS : शोक सभा में गए थे पूर्व सीएम... कार से टकराया बाइक सवार... युवक को खुद पहुंचाया अस्पताल
2023-03-09 04:27 PM
241
राजगढ़। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कार से एक बाइक सवार टकराकर बुरी तरह से घायल हो गया है। इस हादसे में बुरी तरह से घायल युवक को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तत्काल मदद पहुंचाई और उसे अस्पताल दाखिल कराया। इस दुर्घटना में युवक के सिर पर गहरी चोट आने की जानकारी सामने आ रही है।
मिल रही जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजगढ़ जिले के कोडक्या गांव में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश के यहां शोक कार्यक्रम के लिए गए हुए थे। बताया जा रहा है कि दिग्गी का काफिला जीरापुर की तरफ जा रहा था, उसी दौरान विजय कॉन्वेंट स्कूल के पास एक बाइक सवार युवक को उनकी कार से ठोकर लग गई। जिसकी वजह से वह युवक चलती बाइक से गिर गया और घायल हो गया।
घायल युवक का नाम बबलू बताया जा रहा है, जो परोलिया का निवासी है। हादसे में युवक के घायल होते ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह खुद अपनी कार से उतरे और अपनी टीम के लोगों की मदद से उसे अपनी कार में बिठाकर अस्पताल लेकर गए। पूर्व सीएम ने मौजूद मेडिकल स्टाफ को युवक के उपचार के निर्देश दिए। इस हादसे में युवक के सिर में गहरी चोट आने की बात सामने आ रही है। उसका उपचार जारी है।