पीएम मोदी ने मोहम्मद युनूस को दी बधाई, अंतरिम सरकार ने ली शपथ
डेस्क। बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद देश की कमान नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद युनुस ने संभाल ली है। उन्होंने अतंरिम सरकार के मुखिया के तौर पर गुरुवार रात (8 अगस्त) को शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद मुहम्मद यूनुस को पीएम नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए बांग्लादेश में हिंदुओं सहित सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी मुहम्मद यूनुस को बधाई दी और कहा कि देश में शांति की शीघ्र बहाली समय की मांग है।
बता दें कि मोहम्मद यूनुस को 16 परिषद सदस्य मदद करेंगे। भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के दो प्रमुख आयोजक, आसिफ महमूद और नाहिद इस्लाम भी इसके सदस्यों में शामिल हैं। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को देश में नए सिरे से चुनाव कराने का काम सौंपा गया है।
पीएम मोदी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस को उनकी नई जिम्मेदारियां संभालने पर मेरी शुभकामनाएं। हम हिंदुओं और अन्य सभी अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सामान्य स्थिति में जल्द से जल्द वापसी की उम्मीद करते हैं। भारत शांति, सुरक्षा और विकास के लिए दोनों देशों के लोगों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए बांग्लादेश के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी मुहम्मद यूनुस को बधाई दी और कहा कि देश में शांति की शीघ्र बहाली समय की मांग है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक फोटो पोस्ट करते हुए राहुल ने कहा, ‘बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ लेने पर प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस को बधाई। उन्होंने लिखा, ‘शांति और सामान्य स्थिति की त्वरित बहाली समय की मांग है।
मोहम्मद यूनुस को 16 परिषद सदस्य मदद करेंगे। भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के दो प्रमुख आयोजक, आसिफ महमूद और नाहिद इस्लाम भी इसके सदस्यों में शामिल हैं। जिन सदस्यों को शामिल किया गया है वो कुछ इस तरह से हैं- सैयदा रिजवाना हसन, फरीदा अख्तर, आदिलुर्रहमान खान, एएफएम खालिद हुसैन, नूरजहां बेगम, शरमीन मुर्शिद, फारुक-ए-आजम, नाहिद इस्लाम, आसिफ महमूद, सालेहुद्दीन अहमद, प्रोफेसर आसिफ नजरुल, हसन आरिफ, ब्रिगेडियर जनरल (सेवानिवृत्त) एम सखावत हुसैन, सुप्रदीप चकमा, प्रोफेसर बिधान रंजन रॉय और तौहिद हुसैन।
बता दें कि बांग्लादेश में में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को पीएम पद से इस्तीफा देकर देश छोड़ दिया था। इस घटनाक्रम के तीन दिन बाद कार्यवाहक सरकार के प्रमुख के रूप में यूनुस ने शपथ ग्रहण की है। 84 साल के अर्थशास्त्री यूनुस को छात्र प्रदर्शनकारियों से अंतरिम सरकार के मुखिया के रूप में समर्थन मिला है। वह गुरुवार को पेरिस से ढाका लौटे हैं। यूनुस ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘हमारे छात्र हमें जो भी रास्ता दिखाएंगे, हम उसी के साथ आगे बढ़ेंगे। बांग्लादेश के नए प्रमुख बने मोहम्मद यूनुस ऐसे 32वें शख्स बने हैं, जो नोबेल पुरस्कार जीत चुके हैं और अब राष्ट्र प्रमुख की जिम्मेदारी निभाएंगे।