देश-विदेश

एकलव्य आवासीय विद्यालय का राज्यपाल ने किया लोकार्पण, बोले शिक्षा बेहद जरूरी

भोपाल। मध्यप्रदेश के हरदा जिले के ग्रम केलझिरी में एकलव्य आवासीय विद्यालय का लोकार्पण राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने किया। राज्यपाल ने कहा कि हरदा छोटा जिला होने के बाद भी विकसित और समृद्ध है। यहां के लोग परिश्रमी हैं। वे विकास की दौड़ में अपना समस्त योगदान देने के लिए तत्पर दिखाई देते हैं। किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरदा विकास के मार्ग पर अग्रसर है।

राज्यपाल ने ग्राम रहटगांव में एकलव्य आवासीय विद्यालय भवन की सौगात देते हुए कहा कि बच्चों को अपने क्षेत्र के साथ ही प्रदेश और देश का नाम रौशन करने के लिए खूब पढ़ना-लिखना है। शिक्षा ही आगे बढ़ने के मार्ग को प्रशस्त करती है। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश के सभी 52 जिलों में उनके दौरे पूर्ण हो गये हैं।

 
ग्राम केलझिरी में राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने अभी तक जितने आंगनबाड़ी केन्द्रों का भ्रमण किया है, उनमें केलझिरी का आंगनबाड़ी केन्द्र सबसे सुन्दर और व्यवस्थित है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में लाड़ली बहना योजना प्रारम्भ की है। योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधरेगी तथा समाज और परिवार में उनका सम्मान बढ़ेगा। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान और निःशुल्क गैस कनेक्शन की सुविधा दी है।

कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि राज्यपाल ने सिकलसेल एनिमिया के प्रति लोगों को जागरूक करने का महती कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हरदा देश का पहला जिला है, जहां सबसे पहले स्वामित्व योजना का लाभ लोगों को मिलना सुनिश्चित किया गया। हरदा के रामभरोस विश्वकर्मा लाभान्वित होने वाले पहले हितग्राही हैं। राज्य और केन्द्र सरकार ग्रामीणों और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये विभिन्न योजनाएँ बेहतर तरीके से क्रियान्वित कर रही हैं, जिससे आमजन के मन में हमारी सरकार के प्रति विश्वास पक्का हुआ है।

राज्यपाल ने रहटगांव आवासीय विद्यालय का लोकार्पण करने के बाद छात्राओं से चर्चा की। उन्होंने मन लगाकर पढ़ाई तथा गुरूजनों और माता-पिता का सम्मान करने की सीख दी। राज्यपाल श्री पटेल ने उपस्थित छात्राओं से चर्चा करते हुए कहा कि वे मिल-जुल कर रहें और स्कूल, माता-पिता और गुरूजनों का नाम रौशन करें। राज्यपाल ने स्कूल भवन का अवलोकन भी किया।

 

----------