देश-विदेश

चक्रवात 'दाना' का कहर जारी : तेज बारिश के साथ तूफानी हवाएं

नई दिल्ली | ओडिशा के तट पर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया (लैंडफॉल) शुक्रवार सुबह पूरी हो गई | 'दाना' को यहां पहुंचने में कम से कम साढ़े 8 घंटे का समय लगा | आईएमडी के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के प्रभाव से हवाओं की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा थी और बाद में यह कमजोर हो कर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया | अब इसके उत्तरी ओडिशा से होते हुए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले छह घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर होकर गहरे अवदाब में तब्दील होने की संभावना है |

IMD ने कहा कि 25 अक्टूबर को ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है | ओडिशा और पश्चिम बंगाल में लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है | स्कूलों को बंद कर दिया गया है | 400 से अधिक रेलगाड़ियों को रद्द और उड़ानों को निलंबित कर दिया गया | हालांकि, कोलकाता और भुवनेश्‍वर एयरपोर्ट से अब उड़ानों का संचालन शुरू हो गया है |

ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने कहा, 'चक्रवाती तूफान दाना ने 24 और 25 अक्टूबर की रात को भीतरकनिका और धामरा तटों के बीच दस्तक दी | सतर्क प्रशासन और तैयारियों के कारण कोई हताहत नहीं हुआ | सरकार का 'शून्य हताहत' का लक्ष्य हासिल हो गया है | लगभग 6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है | 6,000 गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्रों में स्थानांतरित किया गया है |'

चक्रवाती तूफान के कारण भद्रक के धामरा के तटीय गांवों में सड़कें बंद हो गई हैं | स्थानीय लोगों को सड़कों पर गिरे पेड़ों को साफ करते देखा जा सकता है | सड़कें बंद हैं और कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा है | 

भद्रक के धामरा में तेज़ हवाओं और बारिश के कारण पेड़ उखड़ गए हैं, इसलिए अग्निशमन सेवा दल द्वारा सड़कें साफ की जा रही हैं | ओडिशा अग्निशमन सेवा के दीपक कुमार ने ANI से कहा, 'यहां कई पेड़ उखड़ गए हैं, जिससे सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं | सबसे पहले, हम एनएच और अन्य सड़कों को साफ़ करेंगे और फिर हम आवासीय क्षेत्रों की ओर बढ़ेंगे | हमारी दो टीमें धामरा में काम कर रही हैं | अभी तक हमारे पास किसी भी गंभीर नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं है |'

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भुवनेश्वर में राजीव भवन में चक्रवात 'दाना' की लैंडफॉल के बाद की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं | माझी के अनुसार, अब तक लगभग 5.84 लाख लोगों को आश्रय स्थलों तक पहुंचाया गया है | 

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, चक्रवात ‘दाना’ के मद्देनजर कोलकाता हवाई अड्डे पर गुरुवार शाम से 15 घंटे के लिए उड़ानों को स्थगित कर दिया गया | उड़ानों को शुक्रवार सुबह नौ बजे बहाल किया जाना है | इस बीच, हवाई अड्डा निदेशक ने बताया कि कोलकाता हवाई अड्डे से अंतिम उड़ान के रवाना होने के बाद टर्मिनल भवन के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को सील कर दिया गया है | 

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में हवाई अड्डे के अधिकारियों ने चक्रवात ‘दाना’ के मद्देनजर 25 अक्टूबर को सुबह 8 बजे तक उड़ान संचालन को निलंबित करने का फैसला किया है | अधिकारी ने कहा कि उड़ान 15 घंटे तक निलंबित रहने के दौरान, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की लगभग 40 उड़ानें प्रभावित होंगी | राज्य सरकार ने 23 से 25 अक्टूबर तक भुवनेश्वर में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए हैं |  

----------