राजधानी के कल्याण ज्वेलर्स शोरूम का अचानक शटर हुआ लाक, घंटों तक फंसे रहे लोग
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शोरूम का शटर लाक हो गया। इस घटना में महिला बच्चे समेत कई लोग शोरूम के अंदर ही फंस गये। इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद शटर काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना पंडरी क्षेत्र में स्थित कल्याण ज्वेलर्स की है। जहां शोरूम का शटर अचानक लाक हो गया। इस घटना के बाद शोरूम में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शटर के अंदर में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू हुई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शटर को गैस कटर से काटकर अंदर फंसे लोगों को निकाला गया।
सिविल लाइन पुलिस ने मीडियाकर्मी से बदसलूकी करने वाले दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। साथ ही जांच की जा रही है कि शटर अचानक कैसे लाक हुआ, जब शोरूम के अंदर लोग थे तो शटर को किसने गिराया। फिलहाल इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।