मराठा मित्र मंडल मना रहा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती और वार्षिक उत्सव
रायपुर। मराठा समाज रायपुर की ओर से युगांतकारी-युगप्रवर्तक छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती बुधवार 19 फरवरी को धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर मराठा मित्र मंडल की ओर से बाइक रैली, जयंती कार्यक्रम, भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है।
कार्यक्रम प्रभारी लोकेश पवार ने बताया कि मराठा समाज की ओऱ से छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती और वार्षिक उत्सव का आयोजन 19 फरवरी को किया जा रहा है। 19 फरवरी को सुबह 9 बजे बाइक रैली का आयोजन किया गया है। रैली वीर शिवाजी चौक संतोषी नगर से निकलेगी। जो शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा तात्यापारा चौक पहुंचेगी। यहां सुबह 10 बजे शिवाजी महाराज की प्रतिमा में माल्यार्पण और पूजन के साथ जयंती मनाई जाएगी। रैली के लिए वाइट पैजामा और कुर्ता के साथ भगवा पगड़ी का ड्रेस कोड रखा गया है। वहीं महिलाओं के लिए सफेद सलवार-सूट और साड़ी और भगवा पगड़ी रखी गई है।
लोकेश ने आगे बताया कि वहीं रविवार 23 फरवरी को दोपहर 3 बजे माधव राव सप्रे मैदान बूढ़ापारा से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं शाम से 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस दौरान उन मराठा योद्धाओं का सम्मान किया जाएगा जिन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, मीडिया, सामाजिक, साहित्य, कला, महिला उद्यमी, खेल, महिला उत्थान, स्टार्टअप और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ठ कार्य किया हो।