सियान गुड़ी में बुजुर्ग खाने के बाद कर रहे वज्रासन
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित प्रदेश का पहला सियान गुड़ी समता कालोनी स्थित दिव्यांग बालिका विकास गृह में खुला। जनवरी में इसके शुभारंभ के साथ ही यहां प्रतिदिन आने वाले बुजुर्गों में उत्साह देखने को मिल रहा है। घर से दूर शांत वातावरण और हरियाली के बीच स्थित सियान गुड़ी में आने वाले बुजुर्गों की संख्या समय के साथ बढ़ती जा रही है। यहां आने वाले बुजुर्ग प्रतिदिन अपने दोपहर के भोजन के साथ वज्रासन में उत्साह के साथ बैठते है। वहीं यहां उपस्थित डाक्टरों की टीम बुजुर्गों को प्रतिदिन स्वास्थ्य संबंधी सलाह निःशुल्क देती है।
सियान गुड़ी के प्रभारी और मंडल के मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित और 91 वर्षीय सेवाभावी संस्था महाराष्ट्र मंडल रायपुर द्वारा संचालित सियान गुड़ी में प्रतिदिन बुजुर्ग सुबह उत्साह के साथ आते है। यहां आने वाले बुजुर्ग प्रतिदिन सुबह की शुरुआत योग और आध्यात्म के साथ करते है। वहीं सुबह के नाश्ते के बाद बुजुर्ग सामूहिक चर्चा भी करते है।
खंगन ने आगे बताया कि प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे से शहर के अलग-अलग इलाकों से बुजुर्ग यहां आते है। जिसमें कुछ रायपुरा, पुरानी बस्ती और समता कालोनी के है। यहां आने के बाद प्रतिदिन दिन की शुरुआत योग और व्यायाम के साथ होती है। फिर कैरम, शतरंज, पुस्तक वाचन के साथ सम-सामायिक मुद्दों पर चर्चा होगी है। भीषण गर्मी पड़ने के कारण बुजुर्गों के लिए कूलर लगाए गए है। दोपहर को खाने के बाद बुजुर्ग आराम करने के पहले प्रतिदिन वज्रासन पर बैठते है। वहीं डा. कमल वर्मा द्वारा प्रतिदिन सियान गुड़ी में आए बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह देती है। सियान गुड़ी के मैनेजर मनीष देसाई प्रतिदिन यहां आने वाले बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखते है।