राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के 75 वर्ष पूर्ण होने पर बाइक रैली एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजन
रायपुर। राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के 75 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा 26 अप्रैल को जनसामान्य में जागरूकता के लिए बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का उदघाटन अल्ताफ़ हुसैन हाजी, उप महानिदेशक, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, रायपुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (रायपुर शहर) लखन पाटले द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर पाटले ने राष्ट्र निर्माण में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के योगदान एवं महत्व पर प्रकाश डाला एवं विश्वास व्यक्त किया कि जनजागरूकता हेतु बाइक रैली का आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उप महानिदेशक अल्ताफ हुसैन हाजी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के द्वारा किए गए सर्वेक्षणों से विगत 75 वर्षों में योजना एवं नीति निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त हुई जिससे देश के नीति निर्माताओं को भविष्य की योजनाएं बनाने हेतु महत्वपूर्ण आधार प्राप्त हुआ। उन्होनें विकसित भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण की भूमिका के बारे में प्रकाश डालते हुए समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रेरित किया।
बाइक रैली भक्त माता कर्मा परिसर, न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर स्थित राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय से प्रारम्भ होकर कटोरा तालाब, श्याम नगर, रायपुर में समाप्त हुई। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पोस्टर, बैनर एवं स्लोगन के माध्यम से जनजागरण का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में श्री ऋषभ सिंह श्याम, सहायक निदेशक, बिलासपुर एवं श्री आर. के. श्रीवास्तव, वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी एवं कार्यालयध्यक्ष, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, रायपुर के साथ कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागेदारी की।