रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार दूसरे दिन 7 नए कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने की पुष्टि हुई है। अकेले रायपुर में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 24 पहुंच गई है। बिलासपुर में दो नए मरीज मिले हैं, जिसके बाद सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है, तो दुर्ग में सक्रिय मरीजों की तादाद 11 पहुंच गई है। इस तरह से प्रदेश में अब कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 51 पहुंच गई है।
सप्ताहभर पहले प्रदेश में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 1 और 2 तक सीमित थी, लेकिन अब आंकड़े रोज बढ़ रहे हैं। इसका सीधा मतलब यह निकल रहा है कि कोरोना संक्रमण की वापसी हो रही है और धीरे-धीरे ही सही कोरोना ने अपनी गति को बढ़ाना शुरु कर दिया है। बीते 7 महीनों के दौरान छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण एकदम से थम गया था, लेकिन अब वापसी की बढ़ती रफ्तार चिंता का विषय है।
बता दें कि बीते दिनों कोरोना वायरस की चपेट में आने से एक शख्स की मौत बिलासपुर में हो चुकी है। इसके बाद से किसी के गंभीर होने की शिकायत सामने नहीं आई है। प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में कोरोना पीड़ितों के उपचार के लिए व्यवस्थाएं हैं, लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य होने की वजह से उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जा रहा है, पर जिस तरह के हालात बन रहे हैं, उसे देखते हुए पहले से अलर्ट रहने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
विदित है कि देश में कोरोना संक्रमण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उच्च स्तरीय बैठक पहले ही ले ली है और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को सभी राज्यों को एडवायजरी जारी करने का निर्देश भी दे दिया था, जिस पर अमल करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को एडवायजरी भी जारी कर दी है, जिस पर पालन करने की जिम्मेदारी अब राज्य सरकारों की है।