जलील रिज़वी की पुण्यतिथि पर परिचर्चा सत्र 26 जून की शाम
रायपुर। प्रदेश के वरिष्ठ रंगकर्मी जलील रिजवी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर सिविल लाइन स्थित वृंदावन हाल में ‘जलील रिजवी और उनका रंगकर्म’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6 बजे से होगा। जिसमें राजधानी के वरिष्ठ रंगकर्मी जलील रिजवी पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
आचार्य रंजन मोड़क ने बताया कि महाराष्ट्र नाट्य मंडल के वरिष्ठ सदस्य अनिल श्रीराम काळेले, साहित्यकार गिरीश पंकज, राजकमल नायक, शशि वरवंडकर, मिनहाज असद और राजेश गनोदवाले इस अवसर पर जलील रिजवी के जीवन और रंगमंच को उनके अतुलनीय योगदान पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
बतादें कि जलील रिजवी ने 26 जून 2024 को हम सभी को अलविदा कह दिया था। वे अपने जीवन के आखिरी समय तक थिएटर के बारे में सोचते रहे। अपने निधन के कुछ माह पहले ही वे अपने नाटक तिल का तोड़ की रिहर्सल शुरू करना चाह रहे थे, लेकिन उनका स्वास्थ्य खराब हो गया और ये शुरू नहीं हो पाया था। जलील रिजवी की पत्नी नूतन रिजवी बहुत जल्द राजधानी के रंगप्रेमियों के लिए इस नाटक की प्रस्तुति शीघ्र ही करने वाली है। कार्यक्रम का संचालन रंजन मोड़क और परिचर्चा सत्र का संचालन राजेश गनोदवाले करेंगे।