दिव्य महाराष्ट्र मंडल

नियमित व्यायाम, संतुलित और पौष्टिक आहार.. स्वस्थ्य जीवन के लिए जरूरीः डा. गौरव त्रिपाठी

रायपुर। आजकल की भागमभाग जिंदगी हमारी सांसें कब हमारा साथ छोड़ दें यह हम समझ ही नहीं पा रहे है। कोरोना जैसे संक्रमण काल से गुजरने के बाद कुछ दिनों तक तो हमने बहुत सी चीजों से परहेज रखा, लेकिन समय के साथ हमारी लापरवाही बढ़ती जा रही है। जिसका नतीजा असमय हार्ट अटैक जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही है। नियमित व्यायाम, संतुलित और पौष्टिक आहार हमारे स्वस्थ्य जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उक्ताशय के विचार प्रथमेश हास्पिटल के डीएम कार्डियोलाजी डा. गौरव त्रिपाठी ने महाराष्ट्र मंडल में आयोजित एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में कहीं।

डॉ  त्रिपाठी ने कहा कि कम उम्र में हार्ट अटैक की बढ़ती घटनाओं का मुख्य कारण खराब जीवनशैली, जंक फूड का अधिक सेवन, शारीरिक गतिविधि की कमी, तनाव और धूम्रपान जैसे कारक हैं। इन जोखिमों को कम करने के लिए स्वस्थ आहार, नियमित व्यायाम और तनाव प्रबंधन जैसी आदतों को अपनाना महत्वपूर्ण है। आज हार्ट अटैक के 70 फीसद से अधिक घटनाओं में कम उम्र वालों के साथ हो रहे है।

मुख्य कारण

अस्वस्थ खान-पान: बहुत ज़्यादा तेल, चीनी, नमक और जंक फूड का सेवन करना। 

शारीरिक निष्क्रियता:  व्यायाम की कमी या पूरी तरह से शारीरिक गतिविधि न करना। 

तनाव: अत्यधिक तनाव और चिंता को प्रबंधित न कर पाना। 

धूम्रपान: धूम्रपान और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन हृदय रोग के जोखिम को बढ़ाता है। 

आनुवंशिकी: परिवार में हृदय रोग का इतिहास होना भी एक जोखिम कारक है। 

बचाव के उपाय

नियमित स्वास्थ्य जांच: नियमित रूप से हार्ट चेकअप करवाएं, खासकर यदि परिवार में हृदय रोग का इतिहास हो। 

स्वस्थ आहार: संतुलित और पौष्टिक आहार लें। तेल, चीनी और नमक का सेवन सीमित करें। 

शारीरिक गतिविधि: रोजाना 30-40 मिनट हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या योग करें। 

तनाव प्रबंधन: ध्यान, योग और अन्य हॉबीज़ के माध्यम से तनाव कम करें। 

धूम्रपान से दूरी: धूम्रपान और नशीले पदार्थों से बचें। 

डॉक्टर की सलाह: कोई भी नया व्यायाम या जिम शुरू करने से पहले डॉक्टर से फिटनेस टेस्ट जरूर कराएं।