रायपुर के दो शराब कारोबारी झारखंड में गिरफ्तार, शराब घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, अब तक 10 गिरफ्तार
रायपुर/रांची। झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच तेज़ी पकड़ चुकी है। इस घोटाले में छत्तीसगढ़ से भी बड़े नाम सामने आ रहे हैं। ताज़ा कार्रवाई में झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रायपुर के दो शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में ओम साईं बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अतुल कुमार सिंह और कारोबारी मुकेश मनचंदा शामिल हैं। दोनों को पूछताछ के लिए ACB ने झारखंड बुलाया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों कारोबारियों की भूमिका घोटाले में फंड ट्रांसफर और सप्लाई चैन से जुड़ी मिली है। दोनों पर आरोप है कि वे झारखंड में अवैध तरीके से शराब लाइसेंसिंग और डिस्ट्रीब्यूशन में शामिल रहे।
ACB की जांच में यह भी सामने आया है कि झारखंड के इस घोटाले की जड़ें कई राज्यों तक फैली हुई हैं, जिनमें छत्तीसगढ़, बिहार और पश्चिम बंगाल भी शामिल हैं।
अब तक इस घोटाले में कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें सरकारी अधिकारी, बिचौलिए और कारोबारी शामिल हैं। सूत्रों का मानना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
ACB का कहना है कि इस मामले में जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घोटाला झारखंड सरकार के शराब वितरण मॉडल में हुई भारी अनियमितताओं से जुड़ा है, जिससे राज्य को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।