छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र….. सदन की कार्यवाही शुरू, हंगामे के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही शुरू हो गई हैं। इससे पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह की अध्यक्षता में विधानसभा के समिति कक्ष में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक धर्मजीत सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही शुरू होने के पश्चात सबसे पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत सभी विधायकों ने प्रदेश के पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त और अविभाजित मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह को श्रद्धांजलि दी।
कांग्रेस ने सदन में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस ने साफ कहा है कि वो खाद, बीज और बिजली को लेकर सड़क से सदन तक की लड़ाई जनता के लिए लड़ेगी। इससे पहलेरविवार को कांग्रेस विधायक दल की एक बैठक भी हुई। बैठक के बाद कांग्रेस ने कहा कि, उनके पास सरकार को घेरने के लिए मुद्दों की कोई कमी नहीं है। कांग्रेस ने कहा कि वो सरकार की नाकामियों को सदन में गिनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
वहीं सत्ता पक्ष ने भी अपने विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में विपक्ष के हमलों का तीखा जवाब देने की रणनीति बनाई गई। बीजेपी विधायक दल की ओर से कहा गया कि हमने डेढ़ साल में जो काम किए हैं वो हमारी उपलब्धियों को गिनाने के लिए काफी हैं। विपक्ष के हमलों का हम करारा जवाब देंगे।