फोटो जर्नलिस्ट विनय शर्मा का निधन... सीएम साय, प्रेस क्लब और महाराष्ट्र मंडल ने व्यक्त किया शोक
रायपुर। रायपुर। प्रदेश के वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट विनय शर्मा का मंगलवार 22 जुलाई को निधन हो गया। वे गैलेक्सी रेजिडेंसी, अमलीडीह रायपुर के निवासी थे और लगभग 65 वर्ष के थे। अंतिम संस्कार उनके पुत्र के आने के बाद किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर प्रेस क्लब और महाराष्ट्र मंडल रायपुर ने विनय शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने कहा कि विनय शर्मा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि विनय अपने सौम्य व्यक्तित्व, संवेदनशील दृष्टिकोण और पत्रकारिता के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने पत्रकारिता को जन सरोकारों से जोड़ने का कार्य निष्ठा और गरिमा के साथ किया। मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
वहीं रायपुर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि विनय शर्मा हमेशा मंडल के आयोजनों में आया करते थे, उनके साथ मेरे निजी संबंध भी काफी मधुर थे। वे बेहद सरल स्वभाव के थे। काले ने कहा कि अभी 3 दिन पहले ही तो जन्मदिन पर फेसबुक में पोस्ट किया था, निमोनिया के कारण बालाजी अस्पताल में एडमिट हूं, इसलिए आप सबके स्नेह एवं बधाई ना तो देख पा रहा हूं और जवाब नहीं दे पा रहा हूं। और आज एकाएक दुनिया छोड़कर चले जाने की खबर सहसा विश्वास नहीं हो रहा है।
रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर, महासचिव डॉ. वैभव शिव पांडेय, उपाध्यक्ष संदीप शुक्ला, कोषाध्यक्ष रमन हलवाई, संयुक्त सचिव तृप्ति सोनी एवं अरविंद सोनवानी समेत सभी कार्यकारिणी सदस्यों से गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
बतादें कि विनय शर्मा ने दैनिक देशबन्धु, नईदुनिया और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। वे पत्रकारिता जगत में अपनी प्रतिबद्धता, सौम्यता और उत्कृष्ट फोटोग्राफी के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे।