रायपुर

पेट्रोल पंप एसोसिएशन का बड़ा फैसला... हेलमेट नहीं तो नहीं मिलेगा पेट्रोल

रायपुर। राजधानी रायपुर के वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने इस अबर शासन नहीं बल्कि पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने बड़ा फैसला लिया है। एसोसिएशन ने यह तय किया है कि आगामी 1 सितंबर से बिना हेलमेट किसी भी बाइक सवार को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।

एसोसिएशन का कहना है कि रायपुर में पिछले कई दिनों से सड़क दुर्घटनाओं में लोगों के गंभीर रूप से घायल और कुछ मामलों में मौत की अत्यंत दुखद खबरें सामने आ रही हैं। इन घटनाओं में गौर करने लायक बात है कि अधिकतर दोपहिया वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण दुर्घटना होने पर उन्हें सर में चोट लगी।

एसोसिएशन ने कहा कि इसे देखते हुए एसोसिएशन की बैठक में सामाजिक हित में नो हेलमेट नो पेट्रोलअभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। आगामी 1 सितम्बर से यह अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को ही पंप पर पेट्रोल दिया जाएगा। एसोसिएशन ने जनहितकारी इस सामाजिक कार्य में शासन-प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया है।