रायपुर

महादेव घाट पर गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, प्रतिमा गिरने से भडक़े युवक, क्रेन चालक से की मारपीट

रायपुर। राजधानी के महादेव घाट पर गणेश विसर्जन के दौरान उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब एक बड़ी गणेश प्रतिमा नगर निगम के क्रेन से नीचे गिरकर खंडित हो गई। हादसा क्रेन का पट्टा अचानक टूट जाने के कारण हुआ, जिसके बाद समिति से जुड़े युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा।

प्रतिमा टूटते ही मौजूद युवकों ने क्रेन ऑपरेटर पर हमला कर दिया। उन्होंने पहले उसे घूंसे-लात मारे और फिर हॉकी स्टिक से भी पीटा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जब महादेव घाट पर कई समितियां विसर्जन के लिए पहुंची थीं। प्रतिमा के गिरते ही विवाद की स्थिति बन गई और देखते ही देखते वहां मौजूद युवक आक्रामक हो गए। घायल क्रेन चालक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 
घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि समय पर पुलिस और अन्य लोग बीच-बचाव न करते, तो स्थिति और बिगड़ सकती थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े वीडियो की भी पुष्टि की जा रही है।