बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार, केंद्रीय चुनाव समिति ने जारी की सूची
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार, 3 मार्च 2026 को राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव हेतु विभिन्न राज्यों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। छत्तीसगढ़ से पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा के नाम पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है।
लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा भेजने का निर्णय छत्तीसगढ़ भाजपा की क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों को साधने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। एक महिला नेत्री को उच्च सदन में प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने महिला सशक्तिकरण और जमीनी कार्यकर्ताओं को तवज्जो देने का बड़ा संदेश दिया है। लक्ष्मी वर्मा छत्तीसगढ़ भाजपा की एक सक्रिय नेता रही हैं। उनकी उम्मीदवारी से प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ की रिक्त सीट पर होने वाले इस चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है।
बीजेपी द्वारा जारी सूची में बिहार से नितिन नबीन और शिवेश कुमार, असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन के नाम शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार तथा पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है।