रायपुर

ओडिशा के सोनाबेड़ा में भूकंप के झटके.... जगदलपुर में कंपन की तीव्रता 4.4 रही

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बीती रात करीब 11.32 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र ओडिशा का सोनाबेड़ा बताया जा रहा है। इसकी तीव्रता 4.4 आंकी गई। यहां घरों में बिस्तर तक हिलने की खबर है।  भूकंप का अहसास होने के बाद घबराए लोग घरों से बाहर निकलने लगे। बच्चे सोए नहीं। ओडिशा के कोरापुट के निकट आए भूकंप के बारे में पूरी जानकारी  आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

मिली जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र सोनाबेड़ा से 33 किमी दक्षिण-पश्चिम में था।  रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.4 मापी गई। यह सतह से बहुत कम गहराई (लगभग 5 किमी) पर था, जिसके कारण कंपन काफी दूर तक और जोर से महसूस किया गया।

भूकंप के झटके कोरापुट, जयपुर, लमतापुट, सोनाबेड़ा, बोरीगुमा, सेमिलीगुडा, नंदपुर और दमनजोड़ी जैसे क्षेत्रों में महसूस किए गए। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों ने इस कंपन को महसूस किया। यह एक मध्यम स्तर का भूकंप था, जिससे अब तक किसी बड़ी क्षति की कोई खबर नहीं है।