रायपुर के छह गिट्टी खदानों में खनिज विभाग की कार्रवाई, क्रेशर सील
रायपुर। राजधानी के खनिज विभाग की टीम ने रायपुर की सीमा से लगे छह गिट्टी खदानों पर कार्रवाई की और अवैध भंडारण पाए जाने पर 4 क्रेशर मशीन को सील किया गया। बतादें कि रायपुर कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के आदेशानुसार और डिप्टी डायरेक्टर खनिज राजेश मालवे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर जिले के खरोरा तहसील अंतर्गत ग्राम धनसुली और मुरा में कार्रवाई की गई। कार्रवाई खनिज विभाग के सह. खनिज अधिकारी उमेश भार्गव और टीम द्वारा की गई। टीम ने चूना पत्थर खदानो और क्रेशर की जांच किया गया। उक्त खदानों में पर्यावरण और खनिज नियमों की अनदेखी पाई गई।
अधिकारी ने बताया कि टीम ने ग्राम धनसुली के श्री महालक्ष्मी लाइम स्टोन प्रो. जितेन्द्र अग्रवाल, आशापुरा स्टोन क्वारी प्रो.बाड़ीलाल पटेल, धनसुली क्रेशर राजेश भवनानी और आशीष अग्रवाल के खदान में जांच की। वहीं ग्राम मुरा के श्रीराम इंटरप्राइजेज प्रो प्रकाश आडवाणी के क्रेशर में जांच की। जांच में नियमों की अनदेखी और अधिक भंडारण पाए जाने पर 4 क्रेशर को सील कर दिया और संचालक को नोटिस जारी किया।