रायपुर

सांडों की लड़ाई में हुआ गजब का तांडव, दुकान को कर दिया तहस-नहस, वीडियो आया सामने

रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई-3 क्षेत्र में स्थित नूतन चौक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब दो बेकाबू सांड आपस में लड़ते-लड़ते एक दुकान के अंदर घुस गए। यह घटना ‘शुद्ध सरल कच्ची घानी’ नामक दुकान में हुई, जहां कुछ ही मिनटों में भारी तबाही का मंजर देखने को मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नूतन चौक के पास सड़क पर घूम रहे दो सांड अचानक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते उनकी लड़ाई इतनी उग्र हो गई कि वे नियंत्रण से बाहर हो गए और सीधे पास स्थित दुकान के अंदर घुस पड़े। दुकान ट्रांसफार्मर के समीप होने के कारण स्थिति और भी खतरनाक हो सकती थी।

दुकान के अंदर उस समय कर्मचारी मौजूद थे, जिन्होंने सांडों को अपनी ओर आता देख तुरंत जान बचाने के लिए भागकर सुरक्षित स्थान ले लिया। इस दौरान कुछ कर्मचारी बाल-बाल बच गए। हालांकि, सांडों की लड़ाई कई मिनटों तक दुकान के अंदर जारी रही, जिससे वहां रखा सामान पूरी तरह तहस-नहस हो गया। तेल के कंटेनर, मशीनें और अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा।

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सांड एक-दूसरे पर हमला करते हुए दुकान के भीतर तबाही मचा रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।