शराब घोटाले में खुलासा, अवैध सप्लाई में इस्तेमाल 3 और वाहन जब्त
2026-04-08 11:42 AM
74
रायपुर। शराब घोटाले से जुड़ी जांच में लगातार बड़े खुलासे हो रहे हैं। अब इस मामले में अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 3 और वाहनों को जब्त किया गया है।यह कार्रवाई कुम्हारी, दुर्ग स्थित एक डिस्टलरी से जुड़े नेटवर्क पर की गई है, जहां से अवैध तरीके से शराब सप्लाई की जा रही थी।
जांच एजेंसियों को डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह जानकारी मिली कि जब्त किए गए वाहन शासकीय शराब दुकानों तक अवैध शराब पहुंचाने में इस्तेमाल हो रहे थे।बताया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में ट्रांसपोर्टिंग के लिए भरोसेमंद लोगों को लगाया जाता था, ताकि अवैध गतिविधियों को लंबे समय तक छुपाया जा सके।
गौरतलब है कि इस केस में अब तक कुल 16 वाहन पहले ही जब्त किए जा चुके हैं, और अब 3 नए वाहनों की जब्ती के बाद जांच और तेज हो गई है।फिलहाल जांच एजेंसियां अन्य संदिग्ध वाहनों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पड़ताल में जुटी हुई हैं।