दिल्ली से लौटे सीएम साय... कहा- पीएम के समक्ष पेश किया बस्तर रोडमैप
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को अपने तीन दिवसीय दिल्ली दौरे से लौट आए। राजधानी पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय दौरे के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री से मुलाकात का अवसर मिला। सीएम साय ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से नक्सलवाद की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
सीएम साय ने बताया कि मुलाकात के दौरान बस्तर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर एक विस्तृत रोडमैप प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बस्तर को विकास की नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिससे क्षेत्र में शांति और समृद्धि सुनिश्चित हो सके।
वहीं आगामी चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि देश की जनता का भरोसा एनडीए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। उन्होंने कहा कि असम सहित सभी राज्यों में भाजपा की स्थिति मजबूत है और निश्चित रूप से हर राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी। साथ ही उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का स्वागत करते हुए कहा कि इस पहल से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।