रायपुर

प्रेस क्लब खेल मड़ई में टेबल टेनिस स्पर्धा में पहले दिन हुए 17 मुकाबले

 रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई के तहत स्व. सत्येंद्र गुमास्ता की स्मृति में टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन प्रेस क्लब के टेबल टेनिस हॉल में किया जा रहा है, जिसमें पहले दिन कुल 17 मुकाबले खेले गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संभाग आयुक्त महादेव कावरे, अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी विनय बैसवाड़े और वरिष्ठ पत्रकार पप्पू फरिश्ता रहे। सभी अतिथियों ने स्व. गुमास्ता को श्रद्धांजलि अर्पित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि महादेव कावरे ने कहा कि दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं। वहीं विनय बैसवाड़े ने खेलों को मानसिक और शारीरिक संतुलन का माध्यम बताया। पप्पू फरिश्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के लिए सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

पहले दिन खेले गए नॉकआउट मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। सिद्धार्थ श्रीवासन, राकेश पांडेय, महादेव तिवारी, अनिल पुसदकर, दीपेश शर्मा, विनोद कुमार और निकष परमार ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। इसके अलावा सुशील अग्रवाल, नरेंद्र बंगाले, हितेश मेहता और नारायण भोई ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए आगे का सफर तय किया।

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में विजय मिश्रा ने चंदन साहू को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं नरेंद्र बंगाले ने सुशील अग्रवाल को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में पत्रकार और खेल प्रेमी शामिल हो रहे हैं। आयोजन 12 अप्रैल तक जारी रहेगा, जिसमें आगे और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।