कचना ओवरब्रिज जल्द होगा शुरू, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया निरीक्षण
2026-05-15 07:23 AM
21
रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने खम्हारडीह-कचना रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम साव ने ओवरब्रिज पर पैदल चलकर तकनीकी मानकों की जानकारी ली और निर्माण एजेंसी व विभागीय अधिकारियों को बचे हुए कार्य जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने लाइटिंग व्यवस्था में उच्च गुणवत्ता वाले पोल और लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी और सेतु संभाग के मुख्य अभियंता एसके कोरी भी इस दौरान मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस ओवरब्रिज का लगभग 96 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
49 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस रेलवे ओवरब्रिज में रेलवे ट्रैक के ऊपर का कार्य और दोनों ओर के पहुंच मार्ग पूरे किए जा चुके हैं। फिलहाल पेंटिंग और फिनिशिंग का काम चल रहा है, जिसके बाद नाली निर्माण और लाइटिंग का कार्य किया जाएगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि ओवरब्रिज शुरू होने के बाद रायपुर-वाल्टेयर रेलवे लाइन पर खम्हारडीह और कचना क्षेत्र के हजारों लोगों को ट्रैफिक जाम और रेलवे फाटक बंद होने की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राजधानी के यातायात को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी और इसे जल्द जनता के लिए खोल दिया जाएगा।