खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले बोली छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं
रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में पेट्रोल में कमी और पंपों में लगी भीड़ के बीच खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित है और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। खाद्य सचिव ने प्रदेशवासियों से किसी भी प्रकार की पैनिक खरीदी या अनावश्यक ईंधन संग्रहण से बचने की अपील की है।
खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने कहा कि हाल ही में कुछ पंपों के ड्राई आउट होने से फैली अफवाहों के कारण अचानक ईंधन की खपत में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई थी। शासन और ऑयल कंपनियां पूरी स्थिति पर लगातार चौबीसों घंटे नजर बनाए हुए हैं। सभी संचालित 2,516 पेट्रोल-डीजल पंपों पर नियमित रूप से आपूर्ति बहाल की जा रही है ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि रायपुर शहर के कुल 326 पंपों में से केवल 35 पंप और बिलासपुर के 156 पंपों में से महज 13 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हुए हैं। इन प्रभावित पंपों को भी बहुत जल्द नया स्टॉक उपलब्ध करा दिया जाएगा। प्रशासन ने जनता से भ्रम में न आने का आग्रह किया है।