रायपुर

नौतपा का पहला दिनः तपा छत्तीसगढ़, राजधानी का पारा 45 पार. अलर्ट जारी

रायपुर। नौतपा के पहले दिन 25 मई को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित पूरा प्रदेश भीषण गर्मी से तपा। पूरा छत्तीसगढ़ भीषण लू (Heatwave) की चपेट में रहा। मौसम विभाग ने राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नौतपा के पहले दिन रायपुर का तापमान 45 डिग्री को पार कर गया।

25 मई से वर्ष के सबसे गर्म 9 दिनों की शुरूआत हो गई। पहले दिन सूरज की तपन देखने को मिली। वहीं शाम होते कई स्थानों पर बादल भी नजर आए। राजधानी रायपुर में सुबह से ही आसमान से आग बरसने लगी और अधिकतम तापमान 45.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। चिलचिलाती धूप और गर्म थपेड़ों (लू) के कारण दोपहर के समय शहर की मुख्य सड़कें और बाजार पूरी तरह सुनसान नजर आए।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण बिहार और उसके आसपास स्थित है।  एक द्रोणिका दक्षिण बिहार से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।  बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन प्रारंभ हो रहा है। इसके चलते प्रदेश में कल दिनांक 26 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, किन्तु अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट संभावित है।

भीषण गर्मी का सीधा असर आम जनजीवन और स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। रायपुर के आंबेडकर अस्पातल सहित अन्य अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और हीट स्ट्रोक (लू लगना) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एडवायजरी जारी की है। प्रशासन ने दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक बिना किसी आपातकालीन कार्य के सीधे धूप में निकलने से बचने की अपील लोगों की है। धूप में बाहर जाते समय सिर और चेहरे को सूती कपड़े या टोपी से जरूर ढकने कहा है। वहीं ओआरएस (ORS) घोल, नींबू पानी, छाछ और लिक्विड डाइट का अधिक सेवन करने की अपील भी की है।