रायपुर

प्रदेश के स्वामी आत्मानंद स्कूलों की संविदा भर्ती पर लगी रोक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में चल रही संविदा भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश में सभी कलेक्टरों एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय समिति के अध्यक्षों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर वर्तमान में चल रही संविदा भर्ती की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। अब इन पदों पर भर्ती केंद्रीयकृत परीक्षा के माध्यम से की जाएगी, जिसका आयोजन लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा कराया जाएगा।

संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीयकृत परीक्षा के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जिलों को भेजी जाएगी और उसी आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी। परीक्षा संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। इस आदेश के बाद प्रदेशभर में स्वामी आत्मानंद विद्यालयों की जारी भर्ती प्रक्रिया फिलहाल थम गई है।