रायपुर

रायपुर में एक बार फिर ED की धमक... बार संचालक के ठिकाने पर दी दबिश... घेरे में आ चुके हैं दिग्गज शराब कारोबारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है, जिसके मुताबिक ED ने एक बार फिर अपनी धमक दिखाई है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक इस बार ED ने एक बार संचालक के घर पर दबिश दी है। दर्जनभर से ज्यादा अधिकारियों की टीम इस वक्त बार संचालक के घर पर मौजूद है, और पूछताछ जारी है। 

जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह ईडी की टीम ने एक बार फिर रायपुर में दबिश दी है। खबर है कि ED की यह टीम झारखंड में हुए शराब नीति घोटाले की जांच कर रही है। इस सिलसिले में दो सप्ताह पूर्व रायपुर बिलासपुर के दिग्गज शराब कारोबारियों को घेरे में लिया था। इसी क्रम में आज सुबह खम्हारडीह स्थित अशोका रतन कॉलोनी में निवासरत एक बार संचालक के निवास पर छापामार कार्रवाई की गई है। करीब दर्जनभर अफसरों की टीम शराब कारोबार में हुए गोलमाल और उनमें बार संचालक की संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में कोल माफियाओं, मनी लॉंड्रिंग मामलों में कारोबारियों और छत्तीसगढ़ में पदस्थ अधिकारियों की संलिप्पता को लेकर ED ने कई छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया है। छत्तीसगढ़ में अक्टूबर 2022 से जारी छापेमारी अब भी जारी है। पहले छापे 40 ठिकानों पर पड़े, जिसमें 4 करोड़ कैश, करोड़ों की संपत्ति और दस्तावेज बरामद किए गए थे। इस मामले में आईएएस समीर विश्नोई, कोयला कारोबारी सुनील अग्रवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी, सूर्यकांत तिवारी और उपसचिव सौम्या चौरसिया के अलावा दो खनिज अफसर भी जेल में हैं।