रायपुर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पावर कंपनी में हुआ योगाभ्यास

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के सदस्य विवेक गनोदवाले तथा प्रबंध निदेशकगण एसके कटियार एवं राजेश कुमार शुक्ला ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन और संतुलित दिनचर्या का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया गया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया।

पावर कंपनी मुख्यालय स्थित लोड डिस्पेच सेंटर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षक डॉ. आनंद भारतीय ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया। इसके पश्चात कार्यपालक निदेशक संजय पटेल ने शीर्षासन एवं मयूरासन प्रस्तुत किया, वहीं नन्हीं बच्ची विराध्या वर्मा ने सेतुबंधासन का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। गुढ़ियारी के खेलन यादव ने बकासन तथा सेवानिवृत्त कर्मी मूल सजीवन शर्मा ने भी शीर्षासन प्रस्तुत किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डायटिशियन शिल्पी गोयल ने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त धूप, स्वच्छ हवा एवं शुद्ध जल के महत्व पर प्रकाश डाला। योगाभ्यास के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की कार्यालय सहायक अनिता गेडाम तथा जनरेशन कंपनी के अधीक्षण अभियंता एम.पी. नायक को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक के.एस. मनोठिया, मुख्य अभियंता श्रीमती रश्मि वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचएल. पंचारी, डीजीएम पंकज सिंह, एसई पंकज चौधरी तथा एई रजनीश चौबे उपस्थित थे। मंच संचालन डीजीएम (जनसंपर्क) श्री गोविन्द पटेल ने किया। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, सकारात्मक ऊर्जा और कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया।