श्री गुजराती शिक्षण संघ के अध्यक्ष बने जयंतीभाई पटेल, भारी बहुमत से दर्ज की जीत
रायपुर। श्री गुजराती शिक्षण संघ, रायपुर के अध्यक्ष पद के चुनाव में जयंतीभाई पटेल ने भारी बहुमत से शानदार विजय प्राप्त की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों एवं समाजजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और नवनिर्वाचित अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
अपनी जीत पर जयंतीभाई पटेल ने सभी सम्मानित सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय समाज के विश्वास, एकता और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संघ के प्रत्येक सदस्य द्वारा व्यक्त किए गए विश्वास को वे अपनी सबसे बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं।

उन्होंने कहा कि समाज ने उन्हें संघ के विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 3000 विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य करने का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आधुनिक शैक्षणिक वातावरण तथा संस्था की प्रगति के लिए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।
जयंती भाई पटेल ने समाज के सभी सदस्यों, पदाधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों से निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से संस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जाने और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।