मिट्टी के कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक
रायपुर : बरसात के दिनों में टपकती खपरैल और सीलन भरी मिट्टी की दीवारें नारायणपुर नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 07 में रहने वाले 45 वर्षीय अमर सिंह उईके का परिवार वर्षों से इन्हीं दुश्वारियों के बीच गुजर-बसर कर रहा था। सीमित आय के कारण अपने परिवार के लिए एक पक्का मकान बनाना अमर सिंह के लिए एक दूर की कौड़ी जैसा था। मौसम की हर मार परिवार की चिंता और असुरक्षा को बढ़ा देती थी, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) ने इस बेबसी को हमेशा के लिए खत्म कर दिया है।
नारायणपुर जिले के नारायणपुर नगर पालिका परिषद के निवासी अमर सिंह के जीवन में नया मोड़ तब आया, जब उन्हें नगरपालिका द्वारा आयोजित एक वार्ड शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत नगरपालिका परिषद नारायणपुर कार्यालय पहुंचकर प्रक्रिया समझी और जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर दिया। योजना के तहत उनका आवेदन स्वीकृत हुआ और उनके अपने पक्के घर का सपना साकार होने की दिशा में कदम बढ़ गए।
योजना के तहत स्वीकृत 29 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अमर सिंह का सुंदर और सुरक्षित पक्का मकान बनकर तैयार हुआ है। इस आवास का निर्माण 3.05 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से हुआ है, जिसमें केंद्रांश 1.50 लाख रुपये, राज्यांश 0.76 लाख रुपये और हितग्राही अंश 0.79 लाख रुपये शामिल है।
आज अमर सिंह उईके अपने परिवार के साथ इस सुरक्षित आशियाने में रह रहे हैं। अब न तो उन्हें भारी बारिश का डर सताता है और न ही हर साल घर की मरम्मत की चिंता रहती है। पक्के मकान ने उनके परिवार को न केवल छत दी है, बल्कि सम्मान और मानसिक शांति के साथ जीने का नया हौसला भी दिया है। अपनी खुशी जाहिर करते हुए अमर सिंह कहते हैं कि यह पक्का घर हमारे लिए सिर्फ ईंट-सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि मेरे परिवार की सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत बुनियाद है। वर्षों पुराना सपना सच करने के लिए मैं केंद्र सरकार, राज्य सरकार और नगर पालिका प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त करता हूँ।