श्री सीताराम मानस संगठन के प्रदेश महासचिव गणेशा जाधव, कार्यकारी अध्यक्ष बने लोकेश गायकवाड़
रायपुर। श्री सीताराम मानस संगठन, छत्तीसगढ़ ने संगठन के विस्तार एवं गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया है। प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह की अनुशंसा पर चार पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नई नियुक्तियों के तहत लोकेश गायकवाड़ को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, भानपुरी की आरती गुप्ता एवं अभनपुर की भारती शिंदे को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा रायपुर के गणेशा जाधव को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है।
गणेशा जाधव महाराष्ट्र मंडल, रायपुर के आजीवन सदस्य होने के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति के प्रमुख भी हैं। सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय जाधव विभिन्न संगठनों के माध्यम से जनजागरण एवं सामाजिक कार्यों में भी सहभागिता निभाते रहे हैं। प्रदेश महासचिव के रूप में गणेशा जाधव को रायपुर संभाग के सभी जिलों में संगठन के विस्तार, प्रचार-प्रसार एवं मानस मंडलियों के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उनसे संगठन की गतिविधियों को संभाग के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की अपेक्षा की गई है।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष लोकेश गायकवाड़ संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष आरती गुप्ता एवं भारती शिंदे संगठन के विस्तार और विभिन्न क्षेत्रों में गतिविधियों को मजबूत करने में सहयोग करेंगी। प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों की सक्रियता से संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्रीरामचरितमानस के आदर्शों, संस्कारों एवं भारतीय संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य करने की बात कही। नियुक्तियों पर श्री सीताराम मानस संगठन, विभिन्न मानस मंडलियों, मराठा समाज, महाराष्ट्र मंडल एवं संयुक्त कर्मचारी परिषद केशकाल सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।