महाराष्ट्र मंडल में श्री गणेश की स्थापना 14 सितंबर को.. 10 दिन होंगे विविध कार्यक्रम
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में सोमवार शाम प्रथम पूज्य श्री गणेश प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। प्रतिमा स्थापना के साथ ही 91 सालों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप गणेशोत्सव के सभी 10 दिन हर आयुवर्ग के सभासदों और बच्चों के लिए एक से बढ़कर एक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने बताया कि चौबे कॉलोनी स्थित मंडल भवन की मुख्य लाबी में प्रथम पूज्य गणपति बप्पा की प्रतिमा की स्थापना सोमवार, 14 सितंबर सितंबर को शाम सात बजे कर्नल विकास तामस्कर और विनोद शेष करेंगे। इस अवसर पर आध्यात्मिक समिति और संस्कृति समिति की ओर से सामूहिक अथर्वशीर्ष पाठ किया जाएगा। अगले दिन गुरुवार को शाम 7.30 बजे नाट्य समिति की ओर से हिंदी नाटक जस्टिस का मंचन किया जाएगा। जिसे आचार्य रंजन मोड़क ने निर्देशित किया है। जिसके लेखक पवन ओगले है।
दंडवते ने आगे बताया कि बुधवार 16 सितंबर को नागरिक संवाद, गुरुवार 17 सितंबर को सुलेख, चित्रकला और वाद-विवाद, शुक्रवार 18 सितंबर को मंडल के विभिन्न प्रकल्पों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति, शनिवार 19 सितंबर को मराठी संगीत और शिवाजी महाराज की मासिक आरती होगी। वहीं रविवार 20 सितंबर को भोपाल की टीम द्वारा हिंदी नाटक का मंचन शाम 7 बजे से होगा। सोमवार 21 सितंबर को नागपुर की टीम मराठी नाटक का मंचन करेगी। जिसमें सिने कलाकार डा. गिरीश ओक, सुकन्या मोने और समृद्धि तांबे नजर आएंगे।
दंडवते ने आगे बताया कि इसी तरह मंगलवार 22 सितंबर को स्व.मंगला अरुण कुसरे स्मृति सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 2.30 से होगा। बुधवार 23 सितंबर को दोपहर 2.30 बजे से महिला केंद्रों का भजन और गुरुवार 24 सितंबर को स्व. कमल ताई शेष स्मृति सुगम संगीत स्पर्धा का आयोजन दोपहर 3.30 बजे से होगा। शुक्रवार 25 सितंबर श्री गणेश विसर्जन किया जाएगा।